बस्तर सांसद की पहल एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 45 से अब 25 दिन में होगी बुकिंग

दंतेवाड़ा, 08 सितम्बर 2026। दंतेवाड़ा जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की अवधि को घटाकर 25 दिन करने की मांग को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर व्यवस्था में सुधार की मांग की गई थी। सांसद की पहल के बाद अब केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत प्रदान की है।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा इंडियन ऑयल,भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को निर्देशित किया गया है कि घरेलू एलपीजी रिफिल की बुकिंग के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिनों का अंतर निर्धारित किया जाए। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि सांसद महेश कश्यप ने अगस्त 2026 में केंद्रीय मंत्री को भेजे पत्र में नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों की बुकिंग अवधि से आम उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी का उल्लेख किया था। उन्होंने बताया था कि कई परिवारों में एक गैस सिलेंडर 25 से 30 दिनों में समाप्त हो जाता है, लेकिन 45 दिनों की बाध्यता के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर समाप्त होने के बाद कई दिनों तक परेशानी उठानी पड़ती है।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित बस्तर के लोगों की सुविधा और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एलपीजी बुकिंग की अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई थी। केंद्र सरकार द्वारा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए 25 दिन का समान अंतर लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाओं में सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है। जनता की समस्या को उठाना और उसका समाधान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।