पटाखा बिक्री स्थलों और गोदामों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले में आतिशबाजी और पटाखों की बिक्री एवं भंडारण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जा रहा है। इसी क्रम में बिलारी क्षेत्र के अंतर्गत थाना मैनाठेर और थाना कुन्दरकी क्षेत्र में स्थित आतिशबाजी एवं पटाखों के बिक्री स्थलों तथा गोदामों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी तथा एफएसएसओ मोहित कुमार सहित संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने पटाखों के भंडारण, बिक्री स्थल पर सुरक्षा इंतजाम, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की।

अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, अग्निशमन उपकरणों को चालू हालत में रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही बिक्री और भंडारण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी के बिक्री और भंडारण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।