चाइनीज मांझे में फंसी चील की अग्निशमन विभाग ने बचाई जान

मुरादाबाद। कटघर फायर स्टेशन क्षेत्र में सोमवार को चाइनीज मांझे में फंसी एक चील की जान अग्निशमन विभाग की तत्परता से बच गई। करीब 30 फीट ऊंचे पेड़ पर चाइनीज मांझे में फंसी चील को देखकर लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन कर्मियों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 30 फीट ऊंचे पेड़ पर फंसी चील को सुरक्षित नीचे उतारा।

रेस्क्यू के बाद चील को पानी पिलाया गया और उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे खुले आसमान में छोड़ दिया गया। आजाद होते ही चील आसमान में उड़ गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की लोगों ने सराहना की।

घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे से पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को होने वाले खतरे को सामने ला दिया है।