मुरादाबाद में विस्फोटक पदार्थों के विक्रय स्थल और गोदामों की संयुक्त जांच

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जनपद में विस्फोटक पदार्थों के विक्रय स्थलों और गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में निरीक्षण किया।

संयुक्त टीम ने अगवानपुर, सिविल लाइंस, कटघर, पाकबड़ा और कांठ थाना क्षेत्र में स्थित विस्फोटक पदार्थों के विक्रय स्थलों एवं गोदामों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने संचालकों को निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने, सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का पालन कर किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सकता है।