रतनपुर कलां में पटाखा फैक्ट्री का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

मुरादाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में आतिशबाजी से जुड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर कलां में पटाखा फैक्ट्री का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने पटाखा फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली।

टीम ने फैक्ट्री संचालक एवं कर्मचारियों को पटाखों के निर्माण और भंडारण के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील रखने, निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं अग्निशमन उपाय अपनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की इस पहल से पटाखा कारोबार से जुड़े लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संभावित हादसों की रोकथाम पर जोर दिया गया।