पूरनपुर में पत्रकारों ने जताया विरोध, महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार की जांच की मांग

पीलीभीत। दिल्ली के साकेत क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले को लेकर ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एप्जा) ने विरोध जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर को सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि महिला पत्रकार एक कार्यक्रम की कवरेज के लिए साकेत क्षेत्र पहुंची थीं, जहां पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। एप्जा ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं। कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर विषय है।
ज्ञापन के माध्यम से महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान रामविलास कश्यप, बबलू खां, जावेद खान, सर्वेश शर्मा, देवेश यादव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।