संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत खरगापुर विधानसभा में निकली भव्य यात्रा

खरगापुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत खरगापुर विधानसभा क्षेत्र में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की भव्य यात्रा निकाली गई।

यात्रा का शुभारंभ ग्राम पंचायत भेलसी से हुआ। इसके पश्चात यात्रा नगर परिषद खरगापुर, मनपसार, चंद्रपुर, कुड़ीला एवं चंदेरी सहित विभिन्न ग्रामों से होते हुए देरी पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन किया गया।

यात्रा के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगर क्षेत्र में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक बंधुओं द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की यात्रा का पुष्पवर्षा एवं ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं खरगापुर पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी उपस्थित रहे। अभियान के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री श्री अश्वनी चढ़ार जी, मंडल अध्यक्ष श्री अमित जैन जी, श्री सुरेंद्र लोधी जी, पार्टी के पदाधिकारीगण, ग्राम पंचायतों के सरपंचगण , अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के छात्रावास संस्था प्रभारी श्री संतोष राजपूत, श्रीमती पुष्पा अहिरवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के समता, सामाजिक सद्भाव, मानव कल्याण एवं भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज का जीवन और उनके विचार समाज को एकता, समानता और समरसता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों की सहभागिता रही। पूरे मार्ग में ?सामाजिक समरसता?सामाजिक एकता? का संदेश देते हुए संत रविदास जी महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं भव्य स्वागत के लिए ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया गया।