चंडीगढ़ स्टेशन पर ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव

चंडीगढ़ स्टेशन पर ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव

रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस अंबाला कैंट तक चलेगी, दो ट्रेनों का बदलेगा मार्ग; मोहाली में मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

गोरखपुर। चंडीगढ़ स्टेशन पर परिचालनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पावर एवं यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते पूर्वोत्तर रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। कुछ ट्रेनों को चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट तक चलाया जाएगा, जबकि दो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा।

रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस अंबाला कैंट तक

15063 रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 14, 21, 28 सितंबर तथा 5 और 12 अक्टूबर 2026 को चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट में यात्रा समाप्त करेगी। अंबाला कैंट से चंडीगढ़ के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी।

वहीं, 15064 चंडीगढ़-रामनगर एक्सप्रेस उक्त तिथियों में चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट से रवाना होगी। चंडीगढ़ से अंबाला कैंट के बीच इसका संचालन निरस्त रहेगा।

लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस का बदलेगा मार्ग

14615 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस 3 और 10 अक्टूबर 2026 को अंबाला कैंट-सिरहिंद-सानेहवाल के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इसके चलते ट्रेन का ठहराव चंडीगढ़, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) और न्यू मोरिंडा जंक्शन पर नहीं होगा।

इसी तरह 14616 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस भी 3 और 10 अक्टूबर को सानेहवाल-सिरहिंद-अंबाला कैंट के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव न्यू मोरिंडा जंक्शन, मोहाली और चंडीगढ़ में नहीं होगा।

सहरसा और अमृतसर एक्सप्रेस को मोहाली में अतिरिक्त ठहराव

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15531 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस को 13, 20, 27 सितंबर तथा 4 और 11 अक्टूबर को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

वहीं, 15532 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस को 14, 21, 28 सितंबर तथा 5 और 12 अक्टूबर 2026 को मोहाली स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव मिलेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संशोधित संचालन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।