बिजनौर में अग्निशमन कर्मियों ने किया बीए सेट का अभ्यास, आपात स्थिति से निपटने की क्षमता होगी और मजबूत

बिजनौर में अग्निशमन कर्मियों ने किया बीए सेट का अभ्यास, आपात स्थिति से निपटने की क्षमता होगी और मजबूत

नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर और बिजनौर अग्निशमन केंद्रों पर आयोजित हुई साप्ताहिक मॉक ड्रिल

बिजनौर। अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद के सभी प्रमुख अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में यह अभ्यास कराया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर और बिजनौर अग्निशमन केंद्रों पर मौजूद अग्निशमन कर्मियों को ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कर्मियों को सेट के विभिन्न हिस्सों जैसे हार्नेस, सीटी, फेस मास्क और टाइमर आदि के बारे में जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने अग्निशमन कर्मियों को ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट को सही तरीके से पहनने और उसका सुरक्षित इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया। साथ ही सेट का उपयोग करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सभी कर्मियों को बारी-बारी से बीए सेट पहनने का अभ्यास कराया गया। इसके बाद अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्य के दौरान बीए सेट पहनकर कार्य करने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

अग्निशमन विभाग की ओर से नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे ऐसे अभ्यासों का उद्देश्य कर्मियों को हर आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रखना, उपकरणों के सही इस्तेमाल की दक्षता बढ़ाना और राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाना है। इससे आग और धुएं से प्रभावित स्थानों पर अग्निशमन कर्मी अधिक सुरक्षित एवं कुशल तरीके से राहत कार्य कर सकेंगे।