मुंबई में 6 सितंबर को मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेन सेवाएं रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा रविवार, 6 सितंबर 2026 को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए उपनगरीय रेल खंडों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते मुख्य लाइन और हार्बर लाइन की कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय ब्लॉक की समय-सारणी ध्यान में रखने और सहयोग की अपील की है।

मुख्य लाइन पर सीएसएमटी?विद्याविहार के बीच अप और डाउन धीमी लाइन पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक रवाना होने वाली डाउन धीमी लाइन की ट्रेनों को सीएसएमटी और विद्याविहार के बीच डाउन फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी और विद्याविहार के बाद फिर धीमी लाइन पर संचालित होंगी।

इसी तरह घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 3:52 बजे तक रवाना होने वाली अप धीमी लाइन की सेवाओं को विद्याविहार और सीएसएमटी के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें कुर्ला, सायन, माटुंगा, दादर, परेल और भायखला स्टेशनों पर ठहरेंगी।

हार्बर लाइन पर सेवाएं रहेंगी निलंबित

हार्बर लाइन पर सीएसएमटी?चुनाभट्टी/बांद्रा डाउन लाइन पर सुबह 11:40 बजे से शाम 4:40 बजे तक तथा चुनाभट्टी/बांद्रा?सीएसएमटी अप लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा।

इसके चलते सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल जाने वाली तथा बांद्रा और गोरेगांव जाने वाली कई डाउन हार्बर लाइन सेवाएं निलंबित रहेंगी। इसी प्रकार पनवेल, बेलापुर, वाशी, गोरेगांव और बांद्रा से सीएसएमटी आने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएं भी निर्धारित अवधि में प्रभावित रहेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक अवधि में पनवेल और कुर्ला प्लेटफॉर्म संख्या 8 के बीच प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मुख्य लाइन और पश्चिम रेलवे के माध्यम से यात्रा करने की अनुमति रहेगी।

वहीं, ट्रांस-हार्बर लाइन और उरण पोर्ट लाइन की सेवाएं रविवार की समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी।

रेलवे के अनुसार, ये मेगा ब्लॉक आवश्यक रखरखाव कार्यों और रेल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए लिया जा रहा है। मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक के दौरान होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और रेलवे प्रशासन के साथ सहयोग करें।