ब्यास रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई डिजिटल लॉकर सुविधा, यात्रियों को मिलेगा सामान सुरक्षित रखने का विकल्प

फिरोजपुर। यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ब्यास रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू कर दी गई है। इस सुविधा के माध्यम से यात्री अपने बैग और अन्य सामान को सुरक्षित रूप से लॉकर में रख सकेंगे।

डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू होने से उन यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें ट्रेन आने में समय लगता है अथवा किसी काम से कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना पड़ता है। अब यात्रियों को अपने सामान के साथ लगातार घूमने या उसे संभालकर रखने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

इस सुविधा के तहत यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित समयावधि के लिए लॉकर बुक कर सकेंगे। लॉकर का किराया भी उपयोग की अवधि के अनुसार निर्धारित किया जाएगा।

लॉकर बुक करने की प्रक्रिया भी आसान रखी गई है। यात्री को लॉकर पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इसके बाद पसंदीदा लॉकर का चयन कर क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा।

ब्यास रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू होने से यात्रियों को आधुनिक तकनीक आधारित सुविधा मिलेगी और उनके सामान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था और बेहतर होगी। फिरोजपुर मंडल का यह कदम यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।