बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 15 लोग पकड़े गए

सुमित गर्ग संवाददाता,

खेरागढ़। क्षेत्र में हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर विद्युत चोरी की जांच के लिए विद्युत प्रवर्तन दल ने बुधवार को अभियान चलाया। टीम ने बकाया पर काटे गए विद्युत कनेक्शनों की जांच के दौरान मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए 15 लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर, आगरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अवर अभियंता विकास विश्वकर्मा के नेतृत्व में ग्राम सनायक थोक अयेला, चकई थोक अयेला, पहाड़ी कला, नगला महासुख, सितौली और खाकागढ़ में चेकिंग की गई। जांच के दौरान विद्युत चोरी के मामले में सनायक थोक अयेला निवासी पुष्पेंद्र, जुगराज, सुरेश, मुकेश, चकई थोक अयेला निवासी जगदीश, ईश्वर, श्यामवीर सिंह, पहाड़ी कला निवासी सीताराम व राधेश्याम, नगला महासुख निवासी सुरेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, शिशुपाल सिंह, सत्येंद्र, सितौली निवासी गीतम सिंह तथा खाकागढ़ निवासी धर्मवीर के खिलाफ कार्रवाई की गई।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान उक्त लोगों के कनेक्शन बकाया के चलते पूर्व में काटे जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद मीटर को बाईपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। सभी 15 मामलों में भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही विभाग की ओर से जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

चेकिंग टीम में प्रवर्तन दल के उपनिरीक्षक सुंदर लाल, उपनिरीक्षक विजय कुमार शर्मा, मुख्य आरक्षी नवीन कुमार, मुख्य आरक्षी विपुल कुमार, आरक्षी नितेश कुमार, अवर अभियंता हरीश कर्दम, अवर अभियंता विकास विश्वकर्मा, उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार, प्रवीन सारस्वत टीजी-2, भानूप्रताप, प्रेम सिंह, कन्हैया आदि शामिल रहे।

उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर लाइन लॉस में अपेक्षित कमी लाने और विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विद्युत चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य विद्युत चोरी रोकने के साथ-साथ विभाग के राजस्व में वृद्धि करना भी है।