अजमेर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अगस्त तक ₹811.38 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व

अजमेर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अगस्त तक ₹811.38 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व

यात्री परिवहन में भी बनाया नया रिकॉर्ड, 1.19 करोड़ यात्रियों ने की यात्रा

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष में शानदार प्रदर्शन करते हुए अगस्त माह तक ₹811.38 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है। यह अजमेर मंडल द्वारा अगस्त तक अर्जित किया गया अब तक का सर्वाधिक समग्र राजस्व है। मंडल की इस उपलब्धि में यात्री परिवहन, माल ढुलाई, टिकट जांच और गैर-किराया आय समेत विभिन्न क्षेत्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन में रेलकर्मियों के समर्पण, मेहनत और बेहतर आपसी समन्वय के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। खास बात यह है कि राजस्व के साथ-साथ यात्री परिवहन में भी मंडल ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अगस्त तक 1.19 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया, जो अब तक का सर्वाधिक यात्री आंकड़ा है।

माल ढुलाई से सबसे ज्यादा ₹426.54 करोड़ की आय

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार, अगस्त तक मंडल को माल ढुलाई से ₹426.54 करोड़, यात्री परिवहन से ₹342.82 करोड़, टिकट जांच से ₹9.05 करोड़, गैर-किराया राजस्व से ₹2.09 करोड़ और पार्किंग से ₹0.98 करोड़ की आय हुई।

इस तरह सभी मदों से मंडल का कुल राजस्व ₹811.38 करोड़ पहुंच गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सफलता के पीछे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल, रेलकर्मियों की निष्ठा और कड़ी मेहनत के साथ-साथ माल ढुलाई से जुड़े ग्राहकों का निरंतर सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।

अजमेर मंडल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ माल परिवहन को और मजबूत करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। रिकॉर्ड राजस्व और यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी को मंडल के लिए चालू वित्तीय वर्ष की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।