यात्रियों को बड़ी राहत: मैसूरू-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल अब चलेगी नियमित ट्रेन, 5 सितंबर से होगा संचालन

यात्रियों को बड़ी राहत: मैसूरू-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल अब चलेगी नियमित ट्रेन, 5 सितंबर से होगा संचालन

मैसूरू से हर शनिवार और अजमेर से हर सोमवार रवाना होगी ट्रेन, राजस्थान समेत कई राज्यों के यात्रियों को मिलेगा फायदा

अजमेर। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मैसूरू-अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब ट्रेन संख्या 16281/16282 मैसूरू-अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित रूप से चलेगी। इससे कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के बीच रेल संपर्क और बेहतर होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 16281 मैसूरू-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 सितंबर 2026 से प्रत्येक शनिवार को मैसूरू से सुबह 8 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4:35 बजे अजमेर पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 16282 अजमेर-मैसूरू साप्ताहिक एक्सप्रेस 7 सितंबर 2026 से प्रत्येक सोमवार को अजमेर से शाम 6:50 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन शाम 7 बजे मैसूरू पहुंचेगी।

कई प्रमुख शहरों में मिलेगा ठहराव

यह ट्रेन यात्रा के दौरान कृष्णराजनगर, होले नरसीपुर, हासन, अरसीकेरे, कडूर, चिकजाजूर, दावणगेरे, कोट्टरू, तुंगभद्रा डैम, कोप्पल, गदग, हुबली, धारवाड़, लोंडा, बेलगावी, घटप्रभा, मिरज, सांगली, कराड, सतारा, लोनंद, पुणे, लोनावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर और नसीराबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

18 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन

नियमित रेलसेवा के रूप में संचालित होने वाली इस ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे। इनमें एक प्रथम सह द्वितीय वातानुकूलित, दो द्वितीय वातानुकूलित, दो तृतीय वातानुकूलित, सात द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं।

स्पेशल ट्रेन को नियमित सेवा में बदलने से यात्रियों को पूरे साल बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर दक्षिण भारत से राजस्थान आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा एक महत्वपूर्ण और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।