रेलवे की अंतरविभागीय अधिकारी वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, अधिकारियों ने दिखाया दमखम

रेलवे की अंतरविभागीय अधिकारी वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, अधिकारियों ने दिखाया दमखम

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने किया उद्घाटन, पहले दिन तीन मुकाबलों में दिखा रोमांच; 8 सितंबर को होगा फाइनल

जोधपुर। रेलवे स्टेडियम में बुधवार को अधिकारियों के बीच वॉलीबॉल का रोमांच देखने को मिला। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल खेल-कूद संघ की ओर से आयोजित अंतरविभागीय अधिकारी वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 8 सितंबर को खेला जाएगा।

प्रतियोगिता के पहले दिन दूधिया रोशनी में तीन मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और टीमवर्क का परिचय दिया।

पहले मुकाबले में ट्रैक टाइटन्स ने रेल रनबंक को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में रेलवे थंडरबोल्ट्स ने पॉलकन राइडर्स को 2-0 से हराकर अगले चरण में जगह बनाई।

दिन का तीसरा मुकाबला मैड वर्क्स मैवरिक्स और रेलवे स्मैशर्स के बीच बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में रेलवे स्मैशर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।

मुकाबलों के दौरान रेलवे अधिकारियों में खेल को लेकर खासा उत्साह नजर आया। मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरी ऊर्जा के साथ प्रदर्शन किया और प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सहयोग एवं खेल भावना की मिसाल पेश की।

मंडल खेल-कूद अधिकारी तरुण बीका ने बताया कि प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 7 सितंबर को होंगे, जबकि विजेता टीम के लिए फाइनल मुकाबला 8 सितंबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर अधिकारियों में लगातार उत्साह बना हुआ है।