पीलीभीत में शारदा नदी उफान पर, बाढ़ का अलर्ट

पीलीभीत। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच बनबसा बैराज से शारदा नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। परिगांव के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। तटीय गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर निगरानी बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को शारदा नदी से सटे इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जलस्तर और पानी के डिस्चार्ज की जानकारी ली। उन्होंने निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
पूरनपुर तहसील क्षेत्र में अधिक खतरा देखते हुए ग्रामीणों को नदी-नालों के पास न जाने और जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, पानी और सूखा राशन तैयार रखने की अपील की है।
प्रशासन द्वारा शारदा नदी के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।