अजमेर मंडल ने माल लदान में बनाया नया रिकॉर्ड, अगस्त में 43.86 प्रतिशत की बढ़ोतरी

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने अगस्त 2026 में ही नहीं, बल्कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल से अगस्त तक की अवधि में भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ माल लदान दर्ज किया है।

अगस्त 2026 में अजमेर मंडल ने 0.986 मिलियन टन माल का लदान किया, जो अगस्त माह के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष के अगस्त माह में हुए 0.686 मिलियन टन लदान की तुलना में इस बार 43.86 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 0.77 मिलियन टन के लक्ष्य की तुलना में मंडल ने 27.22 प्रतिशत अधिक लदान हासिल किया।

वहीं, चालू वित्तीय वर्ष के पहले पांच महीनों यानी अप्रैल से अगस्त 2026 तक अजमेर मंडल ने कुल 4.68 मिलियन टन माल लदान किया। पिछले वर्ष की समान अवधि में हुए 3.83 मिलियन टन लदान के मुकाबले यह 22.9 प्रतिशत अधिक है। निर्धारित 4.23 मिलियन टन के लक्ष्य की तुलना में भी मंडल ने 10.63 प्रतिशत अधिक लदान किया है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के टीमवर्क, बेहतर परिचालन दक्षता, समयबद्धता तथा माल ग्राहकों के साथ निरंतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज सहित पूरी टीम को बधाई दी।

लगातार बढ़ते माल लदान से अजमेर मंडल ने रेलवे की आय और माल परिवहन को गति देने के साथ अपनी परिचालन क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया है।