लुधियाना और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी पार्सल पार्किंग और स्टैकिंग की सुविधा

लुधियाना और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी पार्सल पार्किंग और स्टैकिंग की सुविधा

ई-नीलामी के जरिए 66.50 लाख रुपये मूल्य के ठेके आवंटित, पार्सल हैंडलिंग और यातायात व्यवस्था होगी बेहतर

फिरोजपुर। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्सल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से लुधियाना और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर पार्सल की पार्किंग एवं स्टैकिंग की सुविधा का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया है। इन सुविधाओं के लिए करीब 66.50 लाख रुपये मूल्य के ठेके आवंटित किए गए हैं।

नई व्यवस्था के तहत पार्सल लाने-ले जाने वाले वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के साथ पार्सल को सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थानों पर रखने की जिम्मेदारी एक ही ठेकेदार को सौंपी जाएगी। इससे स्टेशन परिसर में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग होगा और कम जगह में अधिक वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जा सकेगी।

पार्सल के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाने से उनके आपस में मिलने की संभावना भी कम होगी। साथ ही, पार्सल लादने और उतारने वाले वाहनों की अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगेगी। इससे स्टेशन परिसर में ट्रेनों तक पार्सल पहुंचाने वाले रास्ते भी बाधित नहीं होंगे और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।

रेलवे की इस पहल से पार्सल की सुरक्षित हैंडलिंग, बेहतर स्थान प्रबंधन और स्टेशन परिसर में व्यवस्थित यातायात को बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों और पार्सल सेवा का उपयोग करने वाले लोगों को भी इससे अधिक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होने की उम्मीद है।

फिरोजपुर मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ रेलवे के गैर-किराया राजस्व में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल की यह पहल रेलवे की आय बढ़ाने के साथ यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।