त्योहारों पर यात्रियों को राहत: उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 7 फेरे बढ़े

आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। इस ट्रेन के संचालन में 7 अतिरिक्त फेरों का विस्तार किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09609/09610 उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल के संचालन की अवधि बढ़ाई गई है।

उदयपुर सिटी से यह ट्रेन 14 अक्टूबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक 7 अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी। वहीं, योगनगरी ऋषिकेश से 15 अक्टूबर 2026 से 25 नवंबर 2026 तक 7 अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस निर्णय से उदयपुर, ऋषिकेश सहित मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे के अनुसार, इस रेलसेवा के मार्ग में पड़ने वाले अन्य सभी स्टेशनों पर संचालन समय और ठहराव पहले की तरह ही यथावत रहेंगे।