बहराइच से नेपालगंज रोड तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत, सीएम योगी और रेलमंत्री ने ट्रेन सेवा को दिखाई हरी झंडी

बहराइच से नेपालगंज रोड तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत, सीएम योगी और रेलमंत्री ने ट्रेन सेवा को दिखाई हरी झंडी

रूपईडीहा से वाराणसी सिटी तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, 56 किमी रेलखंड को 730 करोड़ रुपये की लागत से किया गया ब्रॉडगेज

बहराइच और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेपालगंज रोड (रूपईडीहा)-नानपारा-बहराइच रेलखंड पर ट्रेन सेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे, जबकि रेल मंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े। दोनों ने हरी झंडी दिखाकर रूपईडीहा से वाराणसी सिटी के लिए विशेष ट्रेन को रवाना किया।

रेल मंत्री ने बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड रेलखंड को ब्रॉडगेज नेटवर्क से जोड़ने की घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 56 किलोमीटर लंबे रेलखंड के ब्रॉडगेज कार्य पर करीब 730 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नई रेल सेवा से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी और यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, कृषि और उद्योग को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रूपईडीहा, नानपारा और बहराइच का क्षेत्र भारत के लिए केवल सीमावर्ती इलाका नहीं, बल्कि देश का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से भारत और नेपाल के बीच आवागमन और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।

उन्होंने कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। कतर्नियाघाट जैसे प्रमुख ईको-टूरिज्म केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर जैसे धार्मिक एवं महत्वपूर्ण शहरों से भी क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

दशकों पुराना सपना हुआ साकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक यह क्षेत्र मीटरगेज रेललाइन तक सीमित रहा। दशकों से स्थानीय लोग ब्रॉडगेज रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे थे। अब यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि जब रेल की पटरी मजबूत और बड़ी होती है तो बाजार, अवसर और विकास की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

उन्होंने बताया कि बहराइच से खलीलाबाद तक नई रेललाइन बिछाने का काम भी आगे बढ़ रहा है। इसके साथ गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, शोहरतगढ़ और बलरामपुर होते हुए बहराइच तक रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।

महाराजा सुहेलदेव के योगदान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में बहराइच के ऐतिहासिक गौरव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांता सालार मसूद का मुकाबला कर देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक तैयार हो चुका है और क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान मिल रही है।

आपदा में नेपाल के साथ खड़ा है भारत

कार्यक्रम की शुरुआत नेपाल में हाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मुख्यमंत्री ने नेपाल के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित हैं। भगवान पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और जनकपुर से अयोध्या तक दोनों देशों के लोगों की आस्था एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।

कार्यक्रम में बहराइच के सांसद डॉ. आनंद गोंड, डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, विधायक रामनिवास वर्मा, सुभाष त्रिपाठी, अनुपमा जायसवाल, सुरेश्वर सिंह, सरोज सोनकर, विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी और पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।