पुणे-हडपसर यार्ड में तीसरी लाइन का काम, कई रेलसेवाएं रहेंगी प्रभावित

जयपुर। मध्य रेलवे के पुणे एवं हडपसर यार्ड में तीसरी रेल लाइन डालने के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते सितंबर और अक्टूबर में उत्तर पश्चिम रेलवे की कई रेलसेवाओं के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि एक ट्रेन को रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित रेलसेवाओं की जानकारी जारी की गई है।

जोधपुर-हडपसर ट्रेन खड़की तक चलेगी

गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हडपसर दिनांक 18 से 22 सितंबर तथा 2 से 3 अक्टूबर 2026 तक जोधपुर से चलकर खड़की तक संचालित होगी। खड़की से हडपसर के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर दिनांक 19 से 23 सितंबर तथा 3 से 4 अक्टूबर 2026 तक हडपसर के बजाय खड़की से रवाना होगी। हडपसर से खड़की के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।

जयपुर-पुणे ट्रेन भी रहेगी प्रभावित

गाड़ी संख्या 12940 जयपुर-पुणे दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को जयपुर से चलकर खड़की तक जाएगी। खड़की से पुणे के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 12939 पुणे-जयपुर दिनांक 4 अक्टूबर 2026 को पुणे के बजाय खड़की से संचालित होगी। पुणे से खड़की के बीच इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।

खातीपुरा-यशवंतपुर एक्सप्रेस 30 मिनट नियंत्रित

गाड़ी संख्या 20668 खातीपुरा-यशवंतपुर एक्सप्रेस दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को खातीपुरा से रवाना होगी। यह ट्रेन चिंचवड-खड़की के बीच 30 मिनट नियंत्रित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। तीसरी लाइन का यह कार्य रेल परिचालन को और बेहतर बनाने तथा भविष्य में ट्रेनों की संचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।