प्रयागराज से यशवंतपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, 13 फेरों से यात्रियों को बड़ी राहत

प्रयागराज से यशवंतपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, 13 फेरों से यात्रियों को बड़ी राहत

11 सितंबर से 4 दिसंबर तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगी गाड़ी संख्या 04135, वापसी में प्रत्येक सोमवार यशवंतपुर से होगी रवाना

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने सूबेदारगंज यशवंतपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04135/04136 सूबेदारगंज?यशवंतपुर विशेष ट्रेन का संचालन सितंबर से दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इससे प्रयागराज, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक समेत कई क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

प्रत्येक शुक्रवार चलेगी प्रयागराज से विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 04135 सूबेदारगंज यशवंतपुर विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को 11 सितंबर से 4 दिसंबर 2026 तक कुल 13 फेरे लगाएगी। ट्रेन सूबेदारगंज से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए रविवार रात 9:30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04136 यशवंतपुर सूबेदारगंज विशेष ट्रेन प्रत्येक सोमवार को 14 सितंबर से 7 दिसंबर 2026 तक कुल 13 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 7 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए बुधवार सुबह 4:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

विशेष ट्रेन का दोनों दिशाओं में शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी जंक्शन, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेल्लमपल्ली, मंचेरियाल, काजीपेट जंक्शन, सिकंदराबाद जंक्शन, लिंगमपल्ली, विकाराबाद जंक्शन, तंदूर, यादगीर, कृष्णा, रायचूर, गूंतकल, अनंतपुर, धर्मावरम जंक्शन, हिंदूपुर और येलहंका जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

इससे उत्तर प्रदेश से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

19 कोच की रहेगी ट्रेन संरचना

यात्रियों की अलग-अलग श्रेणी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 9 स्लीपर कोच, 2 प्रथम वातानुकूलित कोच, 6 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।

रेल प्रशासन की इस पहल से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और त्योहारी एवं अन्य व्यस्त अवधि में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। विशेष ट्रेन के संचालन से प्रयागराज और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को और मजबूती मिलेगी।