टीएमसी पाण्डोपारा के स्टोर में 50 लाख की चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार करीब 40 लाख रुपये के तांबा, पीतल और कांसा के महंगे पार्ट्स बरामद, तीन तलवारें भी जब्त

बैकुंठपुर/पटना। थाना पटना क्षेत्र के पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइड के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के तांबा, पीतल और कांसा से निर्मित महंगे मशीन पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से घटना के दौरान इस्तेमाल के लिए रखी गई तीन तलवारें, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात आरोपियों ने टीएमसी के झिलमिली साइड स्थित स्टोर की छत की सीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और कोयला उत्खनन में उपयोग होने वाली मशीनों के महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरी किए गए सामान को आरोपियों ने पहले बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा, जिसके बाद उसे चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां को बेच दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

घटना की शिकायत टीएमसी पाण्डोपारा परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती द्वारा 24 अगस्त को थाना पटना में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश तथा अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना और साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी के माल की तलाश की। पुलिस के मुताबिक, कबाड़ी द्वारा चोरी का कुछ सामान अपने घर में रखा गया था, जबकि शेष सामान दूसरे कबाड़ी को बेच दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये कीमत के चोरी गए धातु के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामले में पुलिस ने किशन कुमार (24), मंगलराम उर्फ गोलू (24), करन (24) और अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां (30) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरिया जिले के घुटरी दफाई एवं ग्राम पूटा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना पटना, चरचा और बैकुंठपुर क्षेत्र में पूर्व में भी चोरी के आपराधिक रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस चोरी हुए शेष माल की बरामदगी के साथ ही अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर जांच कर रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमोल खलखो, प्र.आर. अरविंद कौल, आरक्षक अमरेशा ठाकुर, शिवम सिन्हा, सजल जायसवाल, राघवेन्द्र पुरी, राजेश रगड़ा, अमल कुजूर सहित थाना पटना के विवेचक उप निरीक्षक राजाराम राठिया, सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्र.आर. सत्येन्द्र तिवारी, संदीप साय, अजित राजवाड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिकेश्वर, आकाश तथा सैनिक विकास सिंह एवं राजेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एसपी ने आमजन से की अपील

पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि चोरी एवं चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।