राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर, छह कार्यालय सम्मानित

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2026-27 की प्रथम छमाही बैठक का आयोजन गुरुवार को महाप्रबंधक कार्यालय के जोनल सभाकक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष तरुण प्रकाश ने की। इस दौरान राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और सरकारी कामकाज में हिंदी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक की राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गई। बिलासपुर स्थित केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं निगमों के कुल 38 सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित कार्यसूची के अनुसार विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर नगर राजभाषा शील्ड प्रतियोगिता-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह सदस्य कार्यालयों को सम्मानित किया गया। लघु कार्यालय श्रेणी में रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर को प्रथम तथा मौसम विज्ञान केंद्र, बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार मिला। मध्यम कार्यालय श्रेणी में डाकघर, बिलासपुर ने प्रथम और कोयला खान भविष्य निधि संगठन, बिलासपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं दीर्घ कार्यालय श्रेणी में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर को प्रथम तथा एनटीपीसी, बिलासपुर को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी कार्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी भारत की राजभाषा है और सरकारी कामकाज में इसका अधिकाधिक प्रयोग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों से राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 14 से 28 सितंबर 2026 तक नराकास सचिवालय में राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

समिति के उपाध्यक्ष एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार ने बताया कि हिंदी दिवस एवं छठा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 14 और 15 सितंबर 2026 को नवी मुंबई में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यालयों में हिंदी पखवाड़ा अथवा हिंदी माह उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि नगर राजभाषा शील्ड प्रतियोगिता में पुरस्कारों की संख्या बढ़ाई गई है तथा बैंक एवं बीमा कार्यालयों के लिए पृथक नराकास का गठन किया गया है। प्रतियोगिता में कार्यालयों को कर्मचारियों की संख्या के आधार पर लघु, मध्यम और दीर्घ कार्यालय श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

बिजय कुमार ने समिति की पत्रिका नगर ज्योति के प्रकाशन के लिए सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों से रचनाएं भेजने का भी आग्रह किया। उन्होंने कार्यालयों में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर हिंदी में कामकाज बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में कार्यसूची की प्रस्तुति बिजय कुमार ने की। अंत में सचिव एवं राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) पीताम्बर लाल जाटवर ने अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।