गणपति उत्सव पर यात्रियों को बड़ी राहत, मुंबई-मडगांव के बीच चलेंगी चार अतिरिक्त विशेष ट्रेनें

मुंबई। गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्रा मांग को देखते हुए मध्य रेल ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। मध्य रेल द्वारा मुंबई और मडगांव के बीच चार अतिरिक्त गणपति विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित की जाएंगी। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से गणपति उत्सव के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस?मडगांव?छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष ट्रेन की चार सेवाएं संचालित होंगी। ट्रेन संख्या 01007 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 11 और 13 सितंबर 2026 को रात 12:40 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 3:30 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 01008 मडगांव से 11 और 13 सितंबर को शाम 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:15 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी।

इन विशेष ट्रेनों का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, खेड़, चिपलूण, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नांदगांव रोड, कंकावली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम और करमली स्टेशनों पर होगा।

यात्रियों के लिए बेहतर सुविधा

विशेष ट्रेन में दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 12 शयनयान, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा दो द्वितीय श्रेणी सीटिंग-सह-गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल 22 कोच होंगे। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।

आरक्षित विशेष ट्रेन संख्या 01007 के लिए टिकटों की बुकिंग 29 अगस्त 2026 से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से शुरू होगी। अनारक्षित कोचों में यात्रा करने वाले यात्री सामान्य शुल्क के साथ यूटीएस प्रणाली से टिकट बुक कर सकेंगे।

मध्य रेल ने यात्रियों से डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की भी अपील की है। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का उपयोग कर सकते हैं। विशेष ट्रेनों की विभिन्न स्टेशनों पर विस्तृत समय-सारणी जानने के लिए रेलवे की पूछताछ सेवा या एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

गणपति उत्सव के अवसर पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन मध्य रेल की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी और यात्रियों को आरामदायक, सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।