बारावफात पर हरदोई में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ‘सरकार की आमद मरहबा’ से गूंजा शहर, मोहब्बत भाईचारे का दिया संदेश

हरदोई। बारावफात के दूसरे दिन शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत, मोहब्बत और धार्मिक उल्लास के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। जुलूस के दौरान ?सरकार की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा? के नारों से शहर का माहौल नूरानी हो उठा। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। उलमा-ए-इकराम ने भी जुलूस में शामिल होकर अकीदतमंदों की हौसला-अफजाई की।
जुलूस वेटगंज से होकर मुन्ने मियां चौराहा पहुंचा, जहां अकीदतमंदों की काफी भीड़ नजर आई। इसके बाद जुलूस अपने निर्धारित मार्ग पर रवाना हुआ। जुलूस में शामिल लोगों ने नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम पेश करते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की शिक्षाओं को याद किया। इस दौरान मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।
मुन्ने मियां चौराहे पर भाजपा नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी आरिफ खान शानू ने अकीदतमंदों और राहगीरों के लिए सबील का इंतजाम किया। शबाब की नीयत से लोगों को पानी और पेप्सी वितरित की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉल पर पहुंचकर जलपान किया। इस दौरान उनके साथी मो. आफाक भी मौजूद रहे।
आरिफ खान शानू द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयासों की लोगों ने सराहना की।
जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहे। सीओ सिटी अजीत चौहान, शहर कोतवाल संजय त्यागी, सदर चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह समेत भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस की निगरानी और लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।