अजमेर-मारवाड़-आबूरोड रेलखंड में विशेष टिकट जांच अभियान, 407 मामलों में ₹2.97 लाख से अधिक वसूले

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए अजमेर-मारवाड़-आबूरोड-अजमेर रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजमेर मिहिर देव के दिशा-निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान टिकट जांच दल ने विभिन्न ट्रेनों और स्टेशनों पर सघन जांच की।

डीसीटीआई के.के. मौर्य के नेतृत्व में 22 टिकट जांच कर्मियों की टीम ने अभियान के दौरान कुल 407 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 लाख 97 हजार 650 रुपये का रेल राजस्व एवं जुर्माना वसूला।

जांच में बिना टिकट यात्रा के 385 मामले पकड़े गए। इन यात्रियों से किराए के रूप में 94,250 रुपये तथा जुर्माने के रूप में 1,92,500 रुपये सहित कुल 2,86,750 रुपये वसूल किए गए।

इसी प्रकार अनियमित एवं उच्च श्रेणी में यात्रा के 15 मामलों में 2,850 रुपये अतिरिक्त किराए और 7,500 रुपये जुर्माने सहित कुल 10,350 रुपये की वसूली हुई। वहीं, बिना बुक कराए सामान ले जाने के 7 मामलों में 550 रुपये का प्रभार वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही सफर करें। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे पहले से बुक कराएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या जुर्माने की स्थिति से बचा जा सके।