रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा को लेकर गलशहीद पुलिस पूरी तरह अलर्ट, रोडवेज चौकी इंचार्ज ने संभाली कमान

मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर्व को लेकर थाना गलशहीद पुलिस ने महिला सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। रोडवेज चौकी इंचार्ज प्रवेंद्र कुमार 24 घंटे अलर्ट रहकर बस अड्डे और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों के रोडवेज बसों से आवागमन को देखते हुए चौकी इंचार्ज ने रोडवेज परिसर में पहुंचकर महिलाओं से बातचीत की और उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

चौकी इंचार्ज प्रवेंद्र कुमार ने बस अड्डे पर लगातार निगरानी रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यात्रियों की मदद के लिए पुलिसकर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस की सक्रियता से महिलाओं और यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर गलशहीद पुलिस की 24 घंटे सक्रिय सुरक्षा व्यवस्था महिलाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त माहौल का संदेश दे रही है।