मुरादाबाद में महिलाओं की मुफ्त बस सेवा की निगरानी, 24 घंटे रोडवेज की व्यवस्था पर नजर

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के लिए तीन दिन तक निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दिए जाने के बाद मुरादाबाद रोडवेज प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने बसों और बस अड्डों पर व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव, एआरएम मुरादाबाद राजवती, एआरटीओ आनंद निर्मल और पीटीओ नरेंद्र सिंह के साथ मुरादाबाद रोडवेज परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बसों में पहुंचकर महिला यात्रियों से बातचीत की और उनकी यात्रा, सुविधाओं तथा किसी प्रकार की परेशानी के बारे में जानकारी ली।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर स्वयं रोडवेज की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों की सक्रियता का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निशुल्क यात्रा का लाभ लेने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी बसों का संचालन व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से किया जाए।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना रोडवेज की प्राथमिकता है और पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रोडवेज प्रशासन की सक्रिय निगरानी और अधिकारियों की लगातार मौजूदगी से महिलाओं में भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा को लेकर विश्वास बढ़ा है।