बिलग्राम में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर निकला शानदार जुलूस, अकीदतमंदों पर बरसे फूल, हजारों लोग हुए शामिल

हरदोई। बिलग्राम कस्बे में जश्न-ए-ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की विलादत की खुशी में नगर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम की सदाओं से नगर का माहौल धार्मिक बना रहा।
जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने अकीदतमंदों का स्वागत किया। इस दौरान सपा नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी सईद अहमद, जितेंद्र वर्मा जीतू, साकिब राईन, शानू, जुनैद समेत अन्य लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
बिलग्राम की मशहूर बड़ी दरगाह वाहिदी-तैय्यबी-ताहिरी के सज्जादानशीन मीर सैय्यद हजरत मौलाना सुहैल मियां कादरी और उनके भाई मीर सैय्यद रिजवान मियां कादरी का भी लोगों ने स्वागत किया। अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को ईद-ए-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को याद करते हुए मोहब्बत, रहमत, इंसाफ, भाईचारे और अमन का संदेश दिया गया। देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं भी की गईं।
जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोतवाली प्रभारी विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने जुलूस के मार्ग पर लगातार निगरानी रखी। पुलिस की सतर्कता और नगरवासियों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।