Chandauli News: एसपी आकाश पटेलका बड़ा एक्शन मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह को किया लाइन हाजिर, चकिया थाना प्रभारी रहे अर्जुन प्रताप सिंह को मिली नई जिम्मेदारी

एसपी ने दोनों अधिकारियों को किया लाइन हाजिर, वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई; करीब 13 महीने तक चकिया थाने की कमान संभाल चुके हैं अर्जुन प्रताप सिंह

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली।पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार की शाम बड़ा फेरबदल करते हुए मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और सकलडीहा थाने में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक वरुणेंद्र राय को लाइन हाजिर कर दिया। करीब चार माह के कार्यकाल के बाद विजय प्रताप सिंह को मुगलसराय कोतवाली से हटाया गया है। वहीं, मुगलसराय कोतवाली की नई जिम्मेदारी चकिया थाना प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह को सौंपी गई है।

बताया जा रहा है कि बीती रात एक मामले में विजय प्रताप सिंह पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट का आरोप लगा था। इस घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।इसी तरह करीब एक सप्ताह पूर्व वरिष्ठ उप निरीक्षक वरुणेंद्र राय पर भी एक महिला ने मारपीट का आरोप लगाया था। दोनों मामलों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया।वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। एक साथ दो अधिकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।

*मुगलसराय की कमान अब अर्जुन प्रताप सिंह के हाथ*
मुगलसराय जैसी महत्वपूर्ण और व्यस्त कोतवाली की जिम्मेदारी अब चकिया थाना प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह को दी गई है। अर्जुन प्रताप सिंह करीब 13 महीने तक चकिया थाने की कमान संभाल चुके हैं। चंदौली में आने के बाद उन्होंने सबसे पहले पीआरओ की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्हें शाहबगंज थाने का प्रभारी बनाया गया, जहां करीब डेढ़ माह का कार्यकाल पूरा करने के बाद चकिया थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

*चकिया में कई अहम मामलों में की कार्रवाई*
चकिया थाना प्रभारी के रूप में करीब 13 महीने के कार्यकाल के दौरान अर्जुन प्रताप सिंह ने कई महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई की। अपराध नियंत्रण को लेकर उनके कार्यकाल में पुलिस ने अभियान चलाया। कई मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और पुलिस को अपराधियों की धरपकड़ में सफलता मिली।
अर्जुन प्रताप सिंह 2015 बैच के उप निरीक्षक हैं। चंदौली से पहले वह वाराणसी में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने सारनाथ थाने के साथ-साथ पीआरओ कार्यालय में भी करीब ढाई वर्ष तक अपनी सेवाएं दी हैं।

*अब मुगलसराय में अपराध नियंत्रण की चुनौती*
मुगलसराय जिले की महत्वपूर्ण और व्यस्त कोतवालियों में शामिल है। ऐसे में अर्जुन प्रताप सिंह के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की चुनौती होगी। चकिया में करीब 13 महीने तक थाना प्रभारी के रूप में काम करने के बाद अब उन्हें मुगलसराय जैसी महत्वपूर्ण कोतवाली की जिम्मेदारी मिली है।
पुलिस अधीक्षक की ओर से किए गए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

*संजय सिंह बने चकिया कोतवाली के नए प्रभारी*
वहीं चकिया से अर्जुन सिंह का मुगलसराय तबदला हो जाने के बाद डायल 112 में प्रभारी रहे निरीक्षक संजय सिंह को चकिया कोतवाली का नवागत प्रभारी बनाया गया है। हालांकि संजय सिंह के सामने अभी चकिया क्षेत्र में पशु सकरी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर के का चुनौतियां होंगी।