बहुजन प्रतिभा सम्मान समारोह 20 सितंबर को

आलापुर ( अंबेडकर नगर ) | बहुजन समाज सेवा संगठन (बीएस-3) के तत्वावधान में रविवार को संगठन के संरक्षक एवं पूर्व सांसद व आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें आगामी बहुजन प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 सितंबर 2026 को भानमती वाटिका मैरिज हाल, बसखारी रोड, अकबरपुर में जनपद स्तरीय बहुजन प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने तथा आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। समारोह में विद्वान वक्ताओं द्वारा छात्र-छात्राओं को संबोधित कर उन्हें शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक उत्थान के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी साथियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में सह संयोजक लाल बहादुर प्रभाकर, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, अविनाश चौधरी, शाखा प्रबंधक मेवालाल गौतम, योगेंद्र आर्य, संतराज सक्सेना, कैलाश सिद्धार्थ, राममिलन मौर्य, राकेश कुमार, विक्रम शाह, जयराम, हरिश्चंद, नरसिंह, राममूरत गौतम, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र यादव, अजय गौतम एडवोकेट, संजय गौतम, रामफूल गौतम, धर्मराज गौतम, बांकेलाल गौतम, अन्नू कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।