बारावफात पर बावन में निकला जुलूस, ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों से गूंजा कस्बा, अमन भाईचारे का दिया संदेश

हरदोई। बावन कस्बे में बारावफात के मुबारक अवसर पर हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की आमद की खुशी में जुलूस निकाला गया। जुलूस में कस्बे के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा बावन कस्बा धार्मिक उल्लास और खुशियों के माहौल में नजर आया।
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने ?नबी पाक की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा, दाता की आमद मरहबा? के नारे लगाए। नारों से कस्बे की गलियां गूंज उठी। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद ﷺ की पैदाइश और उनकी आमद की खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। और लोगों को शिरीनी लंगर (सबील) वितरित किया।
बारावफात के मौके पर कस्बे के लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया। कई घरों में रोशनी और सजावट की गई। लोगों ने विभिन्न प्रकार के मीठे और स्वादिष्ट पकवान तैयार किए, जिन्हें परिवार और आसपास के लोगों के साथ साझा किया गया। इमामबाड़े को भी विशेष रूप से सजाया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। कस्बे में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और धार्मिक सौहार्द का माहौल बना रहा। इसी तरह पूरे जिले में विभिन्न कस्बे और स्थानों पर जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की गई।
कार्यक्रम में आरिफ बाबा, सुलेमान खान, गुलफराज खान उर्फ शानू, राजू खान, बबलू खान, अमीनुद्दीन खान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोनार कोतवाल सुनील मिश्रा, बावन चौकी प्रभारी वरुण शुक्ला समेत पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।