हरदोई में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर हमला, जेई समेत दो घायल, मोबाइल छीनने और बंधक बनाने का प्रयास

हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के गोंडाराव गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची प्रवर्तन टीम पर परिसर स्वामी और उसके साथियों ने हमला कर दिया। घटना में अवर अभियंता सरफराज अहमद के दाहिने पैर में चोट आई, जबकि प्रवर्तन दल के मुख्य आरक्षी राजीव कुमार के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ने का आरोप है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को करीब 10:15 बजे अवर अभियंता सरफराज अहमद प्रवर्तन टीम के साथ गोंडाराव पहुंचे थे। टीम में वितरण खंड के जेई अखिलेश, संविदा लाइनमैन रोशन लाल तथा विजिलेंस टीम के प्रभारी मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी राजीव कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम को गांव में विद्युत चोरी की सूचना मिली थी।
टीम ने मोनू मैरिज लॉन के स्वामी रामलखन उर्फ मोनू के घर और परिसर की जांच की। आरोप है कि जांच के दौरान मीटर से पहले विद्युत केबल काटकर बिजली चोरी किए जाने के संकेत मिले। टीम ने केबल की जांच और उसकी वीडियोग्राफी की तथा इसकी जानकारी परिसर स्वामी को दी।
आरोप है कि जांच के बाद टीम के बाहर निकलते समय रामलखन, उसके बेटे शिवम और एक अज्ञात व्यक्ति ने टीम के सदस्यों से विवाद शुरू कर दिया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने मोबाइल छीनने और टीम के सदस्यों को बंधक बनाने का प्रयास भी किया। इस दौरान जेई सरफराज अहमद घायल हो गए, जबकि मुख्य आरक्षी राजीव कुमार की वर्दी फट गई।
सूचना पर पीआरवी और बघौली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार मिले। जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।