स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफॉर्मर हटेंगे, 15 दिन में कार्रवाई के निर्देश

मुरादाबाद। विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विद्युत विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों और परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर को हटाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शिक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई विद्यालयों की सूची में चिन्हित हाईटेंशन लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों को हटाने की प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी कराने पर सहमति बनी। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिन विद्यालयों का अभी तक सर्वे नहीं हुआ है, उनका दोबारा सर्वे कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। सर्वे के दौरान विद्यालय परिसर और उसके आसपास विद्युत लाइनों तथा ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति का विशेष रूप से जायजा लिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में चिन्हित 1.32 लाख वोल्ट की विद्युत लाइन के संबंध में भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विद्यालयों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और चिन्हित खतरों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।