टिटवाला में 15 दिन तक विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेलवे द्वारा टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म के विस्तार का कार्य किया जा रहा है, ताकि यहां 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों का संचालन किया जा सके। इस कार्य के लिए 28/29 अगस्त की मध्यरात्रि से 11/12 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक कुल 15 दिनों तक प्रत्येक रात 5 से 6 घंटे का विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से इस दौरान होने वाली असुविधा में सहयोग की अपील की है।

पहले चरण में 28 अगस्त से 2 सितंबर तक रहेगा ब्लॉक

पहले चरण में 28/29 अगस्त की रात से 1/2 सितंबर की रात तक प्रतिदिन रात 11:30 बजे से सुबह 5:10 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक कल्याण और वासिंद स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइनों पर रहेगा।

ब्लॉक के कारण कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। 11048 गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस को निर्धारित तिथियों में वासिंद तथा अटगांव में नियंत्रित किया जाएगा। वहीं 11044 बलिया-दादर एक्सप्रेस को भी अलग-अलग तिथियों में अटगांव और वासिंद में नियंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा 12102 शालीमार-एलटीटी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा-सीएसएमटी मेल और 15181 मऊ-एलटीटी एक्सप्रेस करीब 10 से 20 मिनट देरी से चल सकती हैं। परिचालन की आवश्यकता के अनुसार अन्य विलंबित मेल/एक्सप्रेस और विशेष ट्रेनों को नियंत्रित या परिवर्तित मार्ग से चलाया जा सकता है।

टिटवाला-कसारा के बीच लोकल सेवाएं प्रभावित

ब्लॉक के दौरान टिटवाला और कसारा के बीच उपनगरीय लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। कई लोकल ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को ठाणे या टिटवाला तक ही चलाया जाएगा।

28/29 अगस्त की रात सीएसएमटी से 22:00, 22:50 और 23:42 बजे रवाना होने वाली टिटवाला लोकल तथा 29 अगस्त को 00:08 बजे रवाना होने वाली सीएसएमटी-कसारा लोकल रद्द रहेगी। टिटवाला से सीएसएमटी जाने वाली 21:00 और 22:06 बजे की लोकल, 23:14 बजे की टिटवाला-ठाणे लोकल तथा 23:08 बजे की आसनगांव-ठाणे लोकल भी रद्द रहेंगी।

इसी रात सीएसएमटी से 20:56 बजे रवाना होने वाली सीएसएमटी-आसनगांव लोकल को टिटवाला में ही समाप्त कर दिया जाएगा। डोंबिवली-सीएसएमटी और कल्याण-सीएसएमटी की कुछ सेवाएं ठाणे तक ही चलेंगी।

अंतिम और पहली लोकल का समय भी बदलेगा

28/29 अगस्त की रात ब्लॉक से पहले कसारा के लिए डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन की अंतिम लोकल सीएसएमटी से रात 22:47 बजे और टिटवाला के लिए 23:16 बजे रवाना होगी। कसारा से सीएसएमटी के लिए अंतिम लोकल रात 22:00 बजे रवाना होगी।

ब्लॉक समाप्त होने के बाद कसारा के लिए पहली लोकल सीएसएमटी से सुबह 4:19 बजे और सीएसएमटी के लिए पहली लोकल कसारा से 3:51 बजे रवाना होगी। टिटवाला से सीएसएमटी के लिए पहली लोकल सुबह 4:32 बजे चलेगी।

29 अगस्त से 2 सितंबर तक भी कई सेवाएं रद्द

29/30 अगस्त की रात से 1/2 सितंबर की रात तक भी टिटवाला-कसारा के बीच लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इस दौरान सीएसएमटी, टिटवाला, कसारा, आसनगांव, ठाणे, कल्याण और डोंबिवली के बीच चलने वाली कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में टिटवाला जाने वाली सभी उपनगरीय सेवाओं को आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली सेवाएं आसनगांव से शुरू की जाएंगी।

कुछ सेवाएं ठाणे और कल्याण से ही होंगी संचालित

29 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कुछ डाउन लोकल सेवाएं ठाणे तक ही चलेंगी, जबकि कुछ सेवाओं को कल्याण तक सीमित किया जाएगा। इसी तरह कुछ अप सेवाएं ठाणे और कल्याण से शुरू होंगी।

मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 1/2 सितंबर के बाद होने वाले ब्लॉक की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार का यह कार्य भविष्य में 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय जांच लें और ब्लॉक अवधि में रेलवे प्रशासन के साथ सहयोग करें।

डॉ. स्वप्निल नीला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेलवे