बस रेड के जरिए विशेष टिकट जांच अभियान, 200 यात्री पकड़े; 1.12 लाख रुपये जुर्माना वसूला

फिरोजपुर। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ फिरोजपुर मंडल ने मंगलवार को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देश पर कोटकपूरा और मोगा रेलवे स्टेशनों पर बस रेड के माध्यम से औचक टिकट जांच की गई।

अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने विभिन्न ट्रेनों तथा स्टेशन परिसरों में अचानक जांच की। जांच में बिना टिकट या अनियमित रूप से यात्रा कर रहे 200 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे ने कुल 1 लाख 12 हजार 400 रुपये का रेल राजस्व वसूल किया।

बस रेड से पहले पहुंची टीम

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि कोटकपूरा और मोगा स्टेशनों पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। बस रेड के तहत टिकट जांच दल बस के माध्यम से संबंधित स्टेशनों पर पहले ही पहुंच गया और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों तथा स्टेशन परिसर में औचक जांच की गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित और वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना तथा बिना टिकट यात्रा करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।

यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित और वैध टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें तथा टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें। मंडल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान जारी रहेंगे।