हरदोई पहुंचे सांसद संजय सिंह ने महंगाई और पेट्रोल में एथनॉल मिलावट पर सरकार को घेरा, बोले- जनता को दोहरी मार, 25 लाख टन चीनी बनाने लायक गन्ने से बनाया गया एथनॉल

हरदोई। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हरदोई पहुंचकर चीनी की बढ़ती कीमतों और पेट्रोल में एथनॉल मिलावट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता को एक साथ दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तरफ चीनी महंगी हो रही है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल में एथनॉल मिलावट को लेकर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संजय सिंह ने दावा किया कि करीब 25 लाख टन चीनी बनाने में इस्तेमाल होने वाले गन्ने को एथनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर एथनॉल मिलावट के कारण वाहनों के इंजन, माइलेज और रखरखाव को लेकर लोगों में शिकायते सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में बाइक और कारें चलती हैं, ऐसे में इसका असर सीधे आम लोगों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार की नीतियों के कारण चीनी की कीमत करीब 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि दूसरी ओर पेट्रोल की गुणवत्ता और एथनॉल मिलावट को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता है। उन्होंने सरकार से आम जनता को राहत देने की मांग की।
बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सिंह ने छात्रों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर एके-47, पैलेट गन और लाठियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों को बुलेटप्रूफ सुरक्षा दी जा रही है, उन्हें वास्तव में किससे खतरा है।
संजय सिंह ने कहा कि सरकार को जनता और छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए तथा महंगाई और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का समाधान करना चाहिए।