पेड़ों की छंटाई के चलते खेरागढ़ में पांच घंटे गुल रहेगी बिजली

संवाददाता सुमित गर्ग,

रविवार सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक चार फीडरों की आपूर्ति रहेगी बंद

खेरागढ़। विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं की छंटाई के चलते रविवार, 23 अगस्त को खेरागढ़ क्षेत्र में करीब पांच घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक 33/11 केवी उपकेंद्र खेरागढ़ से जुड़े चार फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

इस दौरान 11 केवी तहसील, पुलिस लाइन, रूधऊ ग्रामीण और रूधऊ निजी नलकूप फीडर से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा संबंधित अवर अभियंता की देखरेख में पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराई जाएगी।

विभाग के अनुसार, पेड़ों की शाखाएं विद्युत लाइनों के संपर्क में आने के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इससे निजात दिलाने और विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए छंटाई का कार्य कराया जा रहा है।

उपखंड अधिकारी खेरागढ़ अरविंद कुमार ने उपभोक्ताओं से कार्य के दौरान सहयोग एवं धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।