टीटीई टीम की सतर्कता से ट्रेन में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

टीटीई टीम की सतर्कता से ट्रेन में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

चार शातिर चोर पकड़े, 8 मोबाइल फोन और 4,500 रुपये बरामद; आरपीएफ को सौंपा

अजमेर। यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे चेकिंग स्टाफ की सतर्कता का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में ऑन-ड्यूटी टीटीई टीम ने दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन और 4,500 रुपये की नकदी बरामद की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की शिकायतों को देखते हुए चेकिंग स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 21 अगस्त को गाड़ी संख्या 19412 दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस में जयपुर से आबू रोड के बीच टिकट चेकिंग स्टाफ ड्यूटी पर था।

ट्रेन के सामान्य श्रेणी के कोच में टीटीई टीम को चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनसे पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 8 मोबाइल फोन और 4,500 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को बरामद सामान सहित अजमेर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट अजमेर के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ द्वारा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस सराहनीय कार्रवाई में आबूरोड के टीटीई हरीश जांगिड़, पंकज जटिया और इब्राहिम काठात की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सतर्कता और तत्परता से यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में सफलता मिली।

रेल प्रशासन ने टीटीई चेकिंग टीम के इस साहसिक, सजग और कर्तव्यनिष्ठ कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलकर्मियों की ऐसी सतर्कता यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करती है।