बोल बम की गूंज से गूंजा कोरिया, भव्य कांवड़ यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

बैकुंठपुर, कोरिया। सावन माह के पावन अवसर पर कोरिया जिले में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में ?बोल बम? के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।देवराहा बाबा सेवा समिति द्वारा कई वर्षों से आयोजित की जा रही जिसमें पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, अभय दुबे सहित देवरहा बाबा सेवा समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं ने प्रेमाबाग प्रांगण के समीप स्थित गेज नदी से पवित्र जल भरकर कंधों पर कांवड़ उठाई और भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए छुरीधाम की ओर रवाना हुए। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति के साथ बोल बम के जयकारे लगाते हुए यात्रा में आगे बढ़े।कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के मुख्य चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्थानीय प्रतिष्ठानों एवं सेवाभावी लोगों द्वारा चाय, नाश्ता और पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनकी सेवा की गई।कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति और हर हर महादेव तथा बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। छुरीधाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने कोरिया जिले में धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना की सुंदर मिसाल पेश की।