आजादी के जश्न में खेरागढ़ ने दिया जिंदगी बचाने का संदेश, 175 यूनिट रक्तदान

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़। स्वतंत्रता दिवस पर जहां पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया, वहीं खेरागढ़ में लोगों ने रक्तदान कर मानवता और सेवा का अनूठा संदेश दिया। अपना घर सेवा समिति खेरागढ़ की ओर से आयोजित सर्वजातीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 175 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर का शुभारंभ अपना घर आश्रम भरतपुर की संस्थापिका डॉ. माधुरी भारद्वाज एवं खेरागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान सांसद राजकुमार चाहर, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा एवं पूर्व विधायक महेश गोयल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया।

रक्तदान शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की भीड़ जुटी रही। युवाओं के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दिया। स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान का यह आयोजन सामाजिक एकता और सेवा भावना की मिसाल बन गया।

समिति के संस्थापक रम्मो लाल गोयल, संरक्षक कृष्ण कुमार पंसारी, अध्यक्ष गिर्राज किशोर सिंघल, सचिव देवेंद्र कुमार मित्तल एवं वित्त सचिव संजय बंसल ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक मिठ्ठन लाल गर्ग एवं विजय गर्ग ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। समिति की महिला शाखा की पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं को मौसमी जूस पिलाया।

समिति अध्यक्ष गिर्राज किशोर सिंघल ने बताया कि शिविर में एकत्रित रक्त को जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कराया जाता है। विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी भारद्वाज एवं अपना घर आश्रम भरतपुर से आए वीरपाल ने भी रक्तदान कर सेवा की इस मुहिम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी भगवान मित्तल, मनीष गर्ग, दिनेश गर्ग, नरेश मंगल, देवेंद्र सिंघल, प्रमोद कुमार मित्तल एवं प्रभात कुमार मंगल सहित महिला शाखा से इंदु मित्तल, ललिता मित्तल, निधि जिंदल, लक्ष्मी गर्ग, मंजू सिंघल, उमा बंसल एवं राजेश अग्रवाल मौजूद रहे।