रिजर्व पुलिस लाइन में अत्याधुनिक इंडोर क्रिकेट बॉक्स का हुआ भव्य शुभारंभ

पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिकों और उभरती खेल प्रतिभाओं को भी रियायती दरों पर मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। रिजर्व पुलिस लाइन डूंगरपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को प्रशासनिक भवन के पीछे स्थित मैदान में नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधा संपन्न इंडोर क्रिकेट बॉक्स का औपचारिक उद्घाटन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने फीता काटकर इस इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ किया। यह सुविधा पुलिस कर्मियों के साथ-साथ शहर के आम नागरिकों और युवा खिलाड़ियों के लिए भी रियायती दरों पर उपलब्ध रहेगी।

- रात में भी हो सकेंगे मैच, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

यह इंडोर क्रिकेट बॉक्स 50\90 फीट क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसे दिन और रात दोनों समय खेलने योग्य बनाया गया है। स्टेडियम में उच्च गुणवत्ता युक्त ग्रीन मैटिंग, मजबूत नेट, बेहतर क्वालिटी की पिच और पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की गई है। यहाँ केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि बैडमिंटन और अन्य इंडोर खेल भी आसानी से खेले जा सकेंगे। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं, साथ ही आने-जाने वालों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल की व्यवस्था की गई है।

- अधिकारियों ने खेला सांकेतिक मैच

उद्घाटन के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में उपस्थित अधिकारियों और जवानों द्वारा एक सांकेतिक क्रिकेट मैच भी खेला गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खिवसिंह, जिले के सभी वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, पुलिस लाइन के जवान, आरएसी के जवान एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नए स्टेडियम के शुरू होने से पुलिसकर्मियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में जबरदस्त हर्ष और उत्साह देखा गया।