विश्व आदिवासी दिवस पर डूंगरपुर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, तीसरी आँख और डैशकैम से रखी जाएगी पैनी नजर

ट्राइपॉड कैमरों से होगी निगरानी, 40 से 50 स्थानों पर नाकाबंदी; उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। विश्व आदिवासी दिवस पर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डूंगरपुर जिला पुलिस ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। त्यौहार और आयोजनों की आड़ में असामाजिक या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने हाई-टेक निगरानी प्रणाली लागू करने के साथ ही ऑपरेशन संस्कार के तहत कठोर कार्रवाई की रणनीति बनाई है।

- नाकाबंदी और हाई-टेक कैमरों से निगरानी

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले के मुख्य मार्गों और लगभग 40 से 50 प्रमुख स्थानों पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जाएगी। इन स्थानों पर ट्राइपॉड कैमरों के जरिए आने-जाने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसके अलावा, पुलिस वाहनों में भी डैशकैम स्थापित किए गए हैं, जो गश्त के दौरान आसपास की गतिविधियों को रिकॉर्ड करेंगे। इन वीडियो फुटेज का समय-समय पर विश्लेषण कर असामाजिक तत्वों की पहचान की जाएगी।

- तीसरी आँख नंबर जारी : आमजन से पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर छेड़छाड़, डराने-धमकाने या अन्य कोई आपराधिक या अवांछनीय गतिविधि दिखाई दे, तो आमजन निर्भीक होकर सुरक्षित तरीके से उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग बनाएं। नागरिक यह वीडियो स्थानीय थाने में जमा कराने के साथ ही पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप / मोबाइल नंबर (तीसरी आँख) 8690180022 पर भी भेज सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि इस नंबर पर अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता व मोबाइल नंबर पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। प्राप्त वीडियो साक्ष्यों और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर असामाजिक तत्वों का चिन्हीकरण कर उनके खिलाफ ऑपरेशन संस्कार के तहत कड़ी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए डूंगरपुर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद और कटिबद्ध है।