शारीरिक शिक्षकों की दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी 10 अगस्त से वाडेल स्कूल में होगी आयोजित, 16 सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षकों का होगा सम्मान  

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग डूंगरपुर के तत्वावधान में राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, बालिका विद्यालयों तथा महात्मा गांधी विद्यालयों में कार्यरत शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रभारियों की दो दिवसीय सत्रारम्भ वाकपीठ संगोष्ठी का आयोजन आगामी 10 और 11 अगस्त को वाडेल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सागवाड़ा में किया जाएगा।

वाकपीठ संयोजक एवं प्रधानाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने बताया कि संगोष्ठी का उद्घाटन समारोह 10 अगस्त सोमवार को प्रातः 10 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा होंगे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली करेंगे। समारोह में पूर्व सांसद कनकमल कटारा, पूर्व विधायक अनीता कटारा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नीरज कुमार जोशी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

- नए खेलों के नियमों पर होगी चर्चा, 30 अगस्त से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

वाकपीठ जिलाध्यक्ष हरीशचन्द्र अम्बाडा ने जानकारी दी कि संगोष्ठी में विभाग द्वारा शामिल किए गए नए खेलों के नियमों और मेजरमेंट पर विषय विशेषज्ञ अपनी वार्ताएं प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही, 30 अगस्त से शुरू होने वाली जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) भोगीलाल कलाल एवं जिला खेल प्रभारी हेमेन्द्र माली ने बताया कि संगोष्ठी के दौरान शारीरिक शिक्षकों को शाला दर्पण पोर्टल पर दर्ज छात्र विवरण के अनुसार क्रीड़ा शुल्क (एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग हेतु 10 रूपये तथा सामान्य वर्ग हेतु 20 रूपये प्रति छात्र) जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। समापन सत्र में सेवानिवृत्त होने वाले 16 शारीरिक शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन स्थल वाडेल स्कूल में तैयारियों को लेकर अंतिम बैठक संपन्न हो चुकी है, जिसमें भामाशाहों के सहयोग से सभी संभागियों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था तय की गई है।