कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की प्रथम बैठक आयोजित; निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर हुआ मंथन

15 वर्षों में पहली बार सभी अल्पसंख्यक समाजों का हुआ सर्वसमावेशी प्रतिनिधित्व; गणेश घोगरा बोले - संगठन की मजबूती से हासिल करेंगे जीत

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग डूंगरपुर की पहली बैठक शनिवार को सर्किट हाउस में अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सय्यद मोहम्मद इक़बाल के सानिध्य और जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष व विधायक गणेश घोगरा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया तथा कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से जिताने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी डॉ. नरेंद्र बौद्ध मुख्य अतिथि रहे, जबकि एडवोकेट डॉ. शंकर यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। साथ ही प्रदेश सचिव व डूंगरपुर जिला प्रभारी हबीबुर्रहमान एवं सह-प्रभारी मोहम्मद साजिद नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

- नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत और चुनावों का आह्वान

बैठक के दौरान अल्पसंख्यक विभाग की नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से आत्मीय स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष व विधायक गणेश घोगरा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों में अल्पसंख्यक समाज की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का निर्देश दिया।

- 15 साल में पहली बार सर्वसमावेशी पहल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने जिलाध्यक्ष सय्यद मोहम्मद इक़बाल के नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि पिछले 15 वर्षों के इतिहास में अल्पसंख्यक विभाग की ऐसी ऐतिहासिक बैठक नहीं हुई, जिसमें अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत आने वाले सभी समाजों को एक साथ साधकर उचित प्रतिनिधित्व दिया गया हो। बैठक में मोहम्मद जाहिद मलिक, मोहम्मद अनीस, मोहम्मद नईम, रिजवान कुरैशी, मोहम्मद अशरफ, हसन मकरानी, हसनैन शेख, रमीज राजा, सादेकीन पठान, रणजीत कुमार जैन, बुरहानुद्दीन ट्रेलर, इनायत, कुतुबुद्दीन, शादाब खान, हितेश जैन, भूपेंद्र जैन, माजिद जमान खान, मोहम्मद जावेद खान, मोहम्मद अकमल, रमनलाल जैन, सैफुद्दीन सहित अल्पसंख्यक समाज और विभिन्न घटकों से जुड़े प्रबुद्धजन एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।