पति को कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां पिलाकर उतारा मौत के घाट, पत्नी खुद पहुंची थाने

पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव लोहरपुरी में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक महिला पर अपने पति उमाशंकर की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद महिला स्वयं माधोटांडा थाने पहुंची और पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर पहले कोल्ड ड्रिंक में नींद की गोलियां मिलाकर पति को पिला दीं। पति के बेहोश होने के बाद साड़ी के फंदे से गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप है। थाना प्रभारी अशोक पाल पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक उमाशंकर अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्र विकास और 12 वर्षीय पुत्री गीता देवी को छोड़ गए हैं। पुलिस जांच में वर्ष 2024 में महिला की गुजरात निवासी एक व्यक्ति से कथित कोर्ट मैरिज की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।