कांवड़ यात्रा: रूट डायवर्जन के चलते मुरादाबाद से कई शहरों का रोडवेज किराया बढ़ा

मुरादाबाद। कांवड़ मेला-2026 के दौरान लागू रूट डायवर्जन के कारण उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने मुरादाबाद क्षेत्र से संचालित कई बस मार्गों के किराए में संशोधन किया है। डायवर्जन के चलते बसों को लंबा मार्ग तय करना पड़ रहा है, जिसके कारण दूरी और किराए में वृद्धि की गई है।

जारी नई किराया सूची के अनुसार मुरादाबाद से दिल्ली का सामान्य बस किराया 282 रुपये से बढ़कर 317 रुपये, मुरादाबाद से बिजनौर का 134 से 193 रुपये, मुरादाबाद से देहरादून का 376 से 443 रुपये तथा मुरादाबाद से हरिद्वार का किराया 259 से बढ़कर 325 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार मुरादाबादसे कोशांबी मार्ग पर सामान्य सेवा का किराया 250 से 291 रुपये और एसी प्रीमियम 2*2 जनरथ सेवा का किराया 368 से बढ़ाकर 440 रुपये निर्धारित किया गया है।

परिवहन निगम का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को निर्बाध बस सेवा उपलब्ध कराना है। रूट डायवर्जन के बावजूद बसों का संचालन लगातार जारी रखा गया है, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले नए किराए और रूट की जानकारी प्राप्त कर ही सफर करें।