ओवरस्पीडिंग पर लगेगी लगाम,पुलिस ने शुरू किया इंटरसेप्टर वाहन ऑपरेशन

रायबरेली।जनपद पुलिस ने 28 जुलाई को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार द्वारा पुलिस कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर यातायात व्यवस्था हेतु रवाना किया गया।हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार,हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा,एलईडी डिस्प्ले बोर्ड एवं अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस है।वाहन में स्थापित रडार प्रणाली चलते वाहनों की गति का सटीक मापन करती है तथा गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान तत्काल कर लेती है।इसके अतिरिक्त इसमें लगे कैमरे लगभग 250 मीटर से 01 किलोमीटर तक की दूरी से वाहनों की नंबर प्लेट को कैप्चर करने में सक्षम हैं,जिससे ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन पाए जाने पर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से नियमानुसार चालान की कार्यवाही भी की जाएगी।इस अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन में ब्रीथ एनालाइज़र(Breath Analyzer) भी लगाया गया है,जिसके माध्यम से वाहन चालकों की शराब पीकर वाहन चलाने की प्रभावी जांच की जा सकेगी,साथ ही यह वाहन रॉन्ग साइड (Wrong Side) वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी तकनीकी माध्यम से निगरानी रखते हुए नियमानुसार ई-चालान एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।