रात में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को मुंगेली पुलिस ने सुरक्षित परिजनों से मिलाया

मुंगेली।मुंगेली पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए देर रात गांव में भटक रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। इस सराहनीय कार्य के लिए युवक के माता-पिता ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।जानकारी के अनुसार, 23 और 24 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात करीब 12:45 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में एक संदिग्ध व्यक्ति देर रात घूम रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित थाना लेकर आई।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम साहिल रात्रे बताया, लेकिन मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह अपने घर का सही पता नहीं बता पा रहा था। वह केवल "बरदुली" शब्द दोहरा रहा था और कभी तखतपुर तो कभी जरहागांव का नाम बता रहा था।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले थाना तखतपुर से संपर्क किया, लेकिन वहां इस नाम के गांव की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद थाना जरहागांव से संपर्क कर ग्राम बरदुली के सरपंच प्रतिनिधि तुकाराम साहू का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। उनसे बातचीत में पुष्टि हुई कि साहिल रात्रे ग्राम बरदुली का निवासी है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।जानकारी की पुष्टि होने के बाद मुंगेली पुलिस ने रात में ही साहिल रात्रे को सुरक्षित ग्राम बरदुली पहुंचाकर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बेटे को सकुशल देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस की संवेदनशीलता,त्वरित कार्रवाई तथा मानवीय सेवा भावना की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में की गई।इस कार्य में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े,सहायक उपनिरीक्षक भानू प्रताप बर्मन,प्रधान आरक्षक सुरेश जांगड़े, आरक्षक राधेराम ध्रुव तथा संजय यादव की विशेष भूमिका रही।